फिरोजाबाद की पुलिस लाइन के मैस में मिलने वाले खाने पर सवाल खड़े करने वाले सिपाही मनोज कुमार का तबादला बुधवार को गाजीपुर कर दिया गया। इसके साथ जिले में तैनात 19 पुलिसकर्मियों के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मनोज कुमार ने पुलिस लाइन से मिलने वाले खाने पर सवाल खड़े करते हुए भोजन की थाली लेकर हाईवे पर प्रदर्शन किया था, जिसको लेकर विभागीय अफसरों में हड़कंप मचा हुआ था। इस दरम्यान खाने की जांच के आदेश जारी होने के साथ ही सिपाही मनोज को अवकाश पर भेज दिया गया। यह मामला मीडिया में काफी सुर्खियों में बना रहा।
खाने की थाली लेकर रोते हुए सिपाही का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसको लेकर सिपाही का तबादला फिरोजाबाद पुलिस लाइन से गाजीपुर कर दिया गया है। एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि सिपाही मनोज के तबादले का पत्र अपर पुलिस अधीक्षक स्थापना, अपर पुलिस महानिदेशक राहुल मिश्रा के यहां से जारी हुआ है जो प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही एसएसपी आशीष तिवारी ने पुलिस विभाग की विभिन्न सेलों में तैनात 19 पुलिसकर्मियों के कार्य क्षेत्र में मंगलवार रात परिवर्तन कर दिया।