उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा में दो फर्जी छात्र पकड़े गए हैं। पोल खुलने पर एक आरोपी निरीक्षक को धक्का देकर छत से कूद गया और भागने की कोशिश की। इस पर उसके पैर में चोट आ गई। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। दोनों को पुलिस को सौंप दिया गया है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। छत से कूदने वाला आरोपी नाबालिग है।
परीक्षार्थी का फोटो प्रवेश पत्र से मिलान नहीं हुआ
मामला एत्माउदौला थाना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया का है। यहां स्थित भवानी सिंह इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने बताया कि केंद्र पर सुबह 8 बजे परीक्षा शुरू हो गई थी। विद्यालय की कोर कमेटी कक्षों में निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान करीब 8:45 बजे दूसरी मंजिल पर बने कक्ष संख्या 9 में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी का फोटो प्रवेश पत्र से मिलान नहीं हुआ।