कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने रात्रि कर्फ्यू लागू कर दिया है। लोगों से एहतियात बरतने के साथ कोविड प्रोटोकॉल पालन करने की अपील की जा रही है, लेकिन मथुरा के वृंदावन में न तो अपील का असर दिखाई दे रहा है और न ही ओमिक्रॉन का डर। तीर्थनगरी के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
शनिवार को विश्व प्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में पैर रखने की जगह तक नहीं बची। संक्रमण से बचाव के लिए उचित शारीरिक दूरी तो दूर की बात है, ज्यादातर श्रद्धालु बिना मास्क के दिखाई दिए। यह हाल तब है जब एक दिन पहले ही मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रबंधन ने वनवे व्यवस्था कर बैरिकेडिंग कर दी थी।