जिस ताजमहल की एक झलक पाने के लिए दुनियाभर के पर्यटक बेताब रहते हैं। डिजिटल मीडिया के युग में उस ताजमहल की साढ़े तीन साल से ट्विटर पर बोलती बंद है। पर्यटन विभाग विश्व के नायाब अजूबे का प्रचार भूल गया। ताजमहल के अधिकृत ट्विटर हैंडल पर 19 फरवरी 2018 को आखिरी ट्वीट हुआ था, जिसके बाद से एकाउंट ही बंद है। जिला प्रशासन, नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए), पुलिस, दक्षिणांचलत विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) सहित तमाम विभाग रोज ट्विटर पर उपलब्धियां गिना रहे हैं। शहर के डीएम, कमिश्नर, एसएसपी, एडीजी व मंत्री-विधायक सभी के ट्विटर एकाउंट एक्टिव हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने ताजमहल का अधिकृत एकाउंट बनाया था। जिसके 1.72 लाख फॉलोवर हैं। जिनमें कमिश्नर अमित गुप्ता, यूपी टूरिज्म आदि शामिल हैं। वहीं, ताजमहल का एकाउंट मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रदेश सरकार, पेरिस की एफिल टॉवर सहित सिर्फ नौ एकाउंट को फॉलो करता है।