फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताज का जादू चला...पहले दिन ही 1235 सैलानी आए, सबसे पहले चीनी पर्यटक ने किया दीदार

Tue, 22 Sep 2020 12:21 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 9
ताजमहल में पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
188 दिन बंद रहने के बाद सोमवार की सुबह ताजमहल खुला तो सैलानी खिंचे चले आए। शाम तक 1235 ने दुनिया के अजूबे का दीदार किया। आगरा किला सहित अन्य किसी भी स्मारक में इसके आधे सैलानी भी नहीं पहुंचे। सबसे पहले पश्चिमी गेट से दिल्ली के शुभम सिंह ने 5:40 पर प्रवेश किया, लेकिन पूर्वी गेट से प्रवेश करने वाले चीन के पर्यटक लियांग चेंग उनसे पहले रॉयल गेट पहुंचे। संगमरमरी स्मारक की पहली झलक पाते ही सैलानियों के मुंह से बरबस ‘वाह! ताज’ निकल पड़ा।
विज्ञापन

2 of 9
ताजमहल में नमस्ते की मुद्रा में चीनी पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
रॉयल गेट के लाल पत्थर के प्लेटफॉर्म से ही ताज की पहली झलक देखते हुए चेंग के मुंह से निकल पड़ा, वाह! ताज। लियांग चेंग ने कहा कि दो बार सुना कि ताजमहल खोला जाएगा, लेकिन नहीं खुल सका था। अब जैसे ही पता चला कि ताजमहल खुलेगा तो सोचा क्यों न सबसे पहले मैं ही इसे आंखों में बसा लूं। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ इमारत यही है, जिसे देखते ही दिल में प्यार भर जाता है। 
विज्ञापन

3 of 9
सेल्फी लेते विदेशी पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
चेंग के बाद दिल्ली से आए डिप्लोमेट बैरेज जेंस गिब्सन ने ताजमहल का दीदार किया। स्पेन के लुइस सैंनेज कैरेटो और टोमाज पैजान ताज की पहली झलक देखने के बाद भावविभोर हो गए और एक-दूसरे को कैमरे में कैद करने लगे। ताजमहल पर पहले दिन विदेशी पर्यटकों की संख्या देखकर पर्यटन उद्यमी भी उत्साहित नजर आए। 

4 of 9
सेल्फी लेता पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के शुभम सिंह ने कहा कि छह महीने से कोरोना की वजह से ताजमहल बंद था, लेकिन जब खुलने की जानकारी मिली तो अपनी हसरत पूरी करने के लिए मैं आगरा चला आया। दोस्तों से वादा था कि सबसे पहले मैं ही ताज देखूंगा। दिल्ली के सचिन के लिए भी यह लम्हा यादगार बन गया। 
विज्ञापन

5 of 9
आगरा किला में सेल्फी लेती युवतियां - फोटो : अमर उजाला
ताजमहल और आगरा किला में पहले दिन पर्यटकों के प्रवेश के लिए व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया। ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर फैसिलिटी सेंटर पर ही महिला और पुरुष पर्यटकों के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए, जहां उन्होंने अपना नाम, मोबाइल नंबर और तापमान दर्ज कराया। 
विज्ञापन

6 of 9
ताजमहल के प्रवेश द्वार पर पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद टिकट लेकर सीआईएसएफ ने सुरक्षा जांच की। इसी दौरान हाथों पर सैनिटाइजर का स्प्रे किया गया। बिना मास्क और फेस शील्ड के ताज में किसी को प्रवेश की मनाही है। सीआईएसएफ के जवानों ने पीपीई किट और फेसशील्ड लगाकर जांच की। ताजमहल में सभी रेलिंग और बेंच पर हर घंटे सैनिटाइजेशन किया गया।
विज्ञापन

7 of 9
ताजमहल में निरीक्षण करते एडीएम सिटी और एसपी सिटी - फोटो : अमर उजाला
छह महीने बाद खुले ताज के दीदार के लिए पर्यटकों के आते ही पुलिस भी सुरक्षा को लेकर अलर्ट हो गई। सोमवार सुबह एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने ताज परिसर का जायजा लिया। यहां 15 प्वाइंट पर पुलिस तैनात की गई है। एसपी सिटी ने दुकानदारों और होटल संचालकों के साथ बैठक की। इन्हें मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए।

8 of 9
ताजमहल में पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
छह माह के लंबे अंतराल के बाद फोटोग्राफर, छोटे दुकानदार, सवारी चालकों को बोहनी नसीब हुई। हालांकि पर्यटक अधिक नहीं थे, काम ज्यादा नहीं मिला लेकिन सभी का कहना था कि जिंदगी कम से कम चलनी तो शुरू हुई, रफ्तार भी पकड़ ही लेगी। ताजमहल से चार लाख लोगों का रोजगार जुड़ा है। स्मारक के बंद होने से खासतौर पर गाइड, फोटोग्राफर, छोटे दुकानदार, ऑटो-मयूरी जैसे रोज के कमाने खाने वाले को रोजीरोटी की दिक्कत आ गई थी। ताजमहल खुलने से उल्लास है। स्मारक खुला तो कई लोगों की बोहनी हुई।
विज्ञापन

9 of 9
ताजमहल में पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
ये पल करीब 464 फोटोग्राफर की जिंदगी में नई सुबह जैसा है। छह माह से उंगली कैमरे के बटन को दबाने के लिए तरस गई थी। इधर, कई दिन बाद कुछ कमाई हो सकी है।  
-सर्वोत्तम सिंह, अध्यक्ष, पुरातत्व फोटोग्राफर एसोसिएशन

सुबह 6:30 बजे पहला ग्राहक आया
घर की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई थी। मेरी ताजमहल के निकट दुकान कई वर्षों से संचालित है। यहां चाय, बिस्किट जैसे स्नैक्स मिलते हैं। 188 दिन से दुकान बंद पड़ी थी। घर की आर्थिक स्थिति भी गड़बड़ा गई थी। सोमवार सुबह 6:30 बजे पहले ग्राहक ने दुकान में कदम रखा। -कमल जादौन, स्नैक्स विक्रेता

किसी पर्यटक से कोई पैसा नहीं लिया
हमने किसी भी पर्यटक से किसी भी तरह का सेवा शुल्क नहीं लिया। ये सिलसिला सितंबर भर चलेगा। लेकिन पर्यटकों का कदम रखना ही 1100 गाइड के लिए सबसे बड़ी राहत है। धीरे-धीरे पैसे भी आने शुरू हो जाएंगे। -इकबाल ताहिर, सदस्य, एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें