फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा हादसा: हाथों की मेहंदी भी छूट नहीं पाई और काल के गाल में समा गए नवदंपती, उजड़ गईं एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां

Sat, 07 May 2022 07:43 PM IST
धीरेन्द्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
विज्ञापन
1 of 6
मथुरा के नौहझील क्षेत्र में हुआ सड़क हादसा - फोटो : अमर उजाला
मथुरा के नौहझील में यमुना एक्सप्रेसवे  के माइल स्टोन-68 (गांव नौशेरपुर) के पास शनिवार की सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां उजड़ गईं। यमुना एक्सप्रेसवे पर वैगनआर कार किसी वाहन में घुस गई, जिसमें सात की मौत हो गई। बताया गया है कि लल्लूराम पहले बेटे राजेश का विवाह करके पुत्रवधू नंदिनी को विदा कराकर लाए। उसके बाद भतीजे रामकरन की बेटी मोहिनी (नातिनी) को खुशी-खुशी विदा भी किया। नौ दिन की खुशियां शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे में काफूर हो गईं। इस हादसे में नवदंपती (बेटा और पुत्रवधू) की मौत भी हो गई। आठ दिन पूर्व हुई शादी की मेहंदी नववधू के हाथों से छूटी भी नहीं थी। शादी के बाद राजेश और नंदिनी ने क्या-क्या सपने संजोए होंगे, उनके सभी अरमानों पर पानी फिर गया। परिवार में दो शादियां होने की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। 
विज्ञापन

2 of 6
म़तक राजेश और नंदनी का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
हरदोई के थाना संडीला के गांव सुंदरपुर निवासी लल्लूराम बेटों के संग नोएडा के सदरपुर में मजदूरी करके परिवार को पाल रहे थे। 29 अप्रैल को लल्लूराम के चौथे नंबर के बेटे राजेश की शादी थी। 28 अप्रैल को पूरा परिवार गांव सुंदरपुर पहुंच गया। यहां पर खुशी-खुशी राजेश की शादी हुई। हर कोई काफी खुश नजर आ रहा था। नवदंपती भी काफी खुश थे और नोएडा में जाकर नए-नए सपने संजो रहे थे, लेकिन लल्लूराम की नातिन मोहिनी की 2 मई को शादी होनी थी। इसके चलते वह गांव में परिवार के संग ही रुक गए। दो मई को नातिन की शादी में नवदंपती शामिल हुआ और परिवार ने भी खूब खुशियां मनाई। हर कोई परिवार में दो शादियां होने से खुश नजर आ रहा था। 
विज्ञापन

3 of 6
मृतक संजय और निशा का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार की रात 9:30 बजे लल्लूराम गांव से परिवार के संग कार से नोएडा के लिए निकले, जबकि लल्लूराम के सबसे बड़े बेटे रामबाबू परिवार के संग बस से पहले ही निकले गए। लल्लूराम दोनों बेटों, पत्नी और नातियों के संग शनिवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे तो हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में एक बेटा और नाती को छोड़ दिया जाए तो सभी काल के गाल में समा गए। दर्दनाक हादसे की खबर पर बड़ा बेटा और परिवार के लोग सुंदरपुर से मथुरा पहुंच गए। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था तो पुरुषों की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार में दो शादियों की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।

4 of 6
म़तक लल्लूराम का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
सड़क हादसे की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार में सवार घायल और मृतक बुरी तरह फंसे हुए थे। हादसे के बाद वहां मौजूद ग्रामीण पुलिस बल के साथ राहत कार्य में जुट गए। यमुना एक्सप्रेसवे का राहत दल भी मौके पर पहुंच गया। कटर से काटकर सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के चलते काफी देर तक यातायात बाधित रहा। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
विज्ञापन

5 of 6
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार हटवाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने बताया कि सुबह एक वाहन चालक ने डायल-112 को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। टक्कर में कार का अगला हिस्सा पिचक गया था। ऐसे में कटर से कार को काटकर शव व घायलों को निकाला गया। इस मशक्कत में काफी देर तक घायल कार में ही फंसे रहे। पुलिस सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
क्षतिग्रस्त कार - फोटो : अमर उजाला
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि कार सवार उसी परिवार के चाचा-भतीजे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को गंभीर अवस्था में सीएचसी नौहझील पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिकता उपचार देकर दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति बिगड़ती देख दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया है। हर कोई दोनों की जिंदगी की दुआ मांग रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें