मथुरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के सिपाहियों की सूझबूझ से एक रेल यात्री की जान बच गई। चलती ट्रेन में यात्री को दिल का दौरा पड़ा था। स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही यात्री को प्लेटफॉर्म पर लाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें उखड़ने लगी थीं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच वहां आरपीएफ के सिपाही अशोक कुमार पहुंच गए। यात्री की हालत देखकर वह समझ गए कि उन्हें हार्ट अटैक पड़ा है। सिपाही ने यात्री की पत्नी से कहा कि वह अपने पति को सीपीआर (मुंह से सांस देना) दें। पत्नी ने मुंह से पति को सांस दी। वहीं सिपाही ने यात्री के सीने को दबाया, जिससे उसकी तबीयत में थोड़ा सुधार आया। इसके बाद यात्री को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने बताया कि आरपीएफ के सिपाहियों ने मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मरीज की हालत खतरे से बाहर है।