शंखनाद के साथ भगवान जगन्नाथ के ताल ध्वज रथ का पर्दा खुलने का संकेत हुआ। जयकारे लगाते हुए भक्त मगन होकर नाचने-झूमने लगे। पीतांबर और नीलांबर परिधान से सजे श्रीहरि संग बहन सुभद्रा और भाई बलराम की अलौकिक छवि को निहारने के लिए होड़ सी मच गई। भक्त सड़क पर दंडवत प्रणाम करते, बार-बार रस्सी को छूने का प्रयास करते। हजारों हाथ झाड़ू लगाकर श्रीहरि का मार्ग स्वच्छ करने लगे। कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से शुक्रवार शाम को पांच बजे जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई। बल्केश्वर महादेव से रथयात्रा का शुभारंभ इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने आरती कर किया। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर रहे। रथयात्रा बल्केश्वर बाजार, कमला नगर, मुगल रोड होते हुए कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती की। पुष्पों की वर्षा कर भक्तों ने भगवान का स्वागत किया। लोग अपने लड्डू गोपाल को जगन्नाथजी के दर्शन के लिए घर से लेकर आए।
विज्ञापन
2 of 5
नृत्य करतीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
रथयात्रा में तुलसी माता, नरसिंह भगवान और श्रीनाथ जी की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंडबाजों की धुन पर भक्त नृत्य कर रहे थे। वह जय जगन्नाथ के जयकारे लगा रहे थे।
विज्ञापन
3 of 5
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
- फोटो : अमर उजाला
रथयात्रा का संचालन अमित व राहुल बंसल ने किया। राहुल बंसल ने बताया कि इस रथयात्रा में शामिल होने से भक्तों का परम आनंद की प्राप्ति होती है।
4 of 5
रथ खींचने के लिए मची होड़
- फोटो : अमर उजाला
आराध्य के दर्शन के लिए भक्त आतुर दिखे। भगवान के दर्शन और रथ खींचने के लिए भक्तों में होड़ मच गई। श्री जगन्नाथ के दर्शन हुए तो भावविह्वल भक्तों की आंखें भाव से छलक आईं।