अयोध्या में राममंदिर निर्माण को लेकर श्रीकृष्ण की ब्रजभूमि पर अभूतपूर्व उल्लास है। मथुरा और वृंदावन के मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। बुधवार सुबह से मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर विराजमान अन्नपूर्णेश्वर महादेव के दिव्य शिवलिंग के सन्मुख अखंड श्रीरामचरित मानस का पाठ हो रहा है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान में बुधवार को ठाकुरजी की दिव्य आरती होगी। उधर, बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन भी राम के रंग में रंगी हुई है।
श्री राम मंदिर अयोध्या: द्वारिकाधीश मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
राममंदिर निर्माण के भूमि पूजन के अवसर पर मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश का आंगन उमंग से सराबोर है। मंदिर में हर्ष और उल्लास है। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि श्रीराम मंदिर हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर के निर्माण से हिंदू समाज में अपार खुशी है। ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर को रंग बिरंगी विद्युत लाइटों से सजाया गया है। मंदिर में भजन कीर्तन चल रहा है।
श्री राम मंदिर अयोध्या: श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर मथुरा
- फोटो : अमर उजाला
कान्हा की जन्मस्थली श्रीकृष्ण जन्मस्थान को भी भव्यता प्रदान की गई है। मंदिर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान वातावरण में श्रद्धा का संचार कर रहे हैं। कान्हा की क्रीड़ा स्थली नंदगांव में भी विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन हो रहे हैं। मंगलवार को नंदबाबा मंदिर परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अखंड रामचरित मानस का पाठ शुरू हुआ। बुधवार को 56 भोग लगाए जाएंगे।
श्री राम मंदिर अयोध्या: श्रीकृष्ण जन्मस्थान मथुरा
- फोटो : Amar Ujala
इससे पूर्व मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान गर्भगृह वाटिका की रज और यमुना जल को लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी अयोध्या रवाना हो गए। उनके साथ संस्थान के विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर सिंह और चतुर्वेदी के बेटे अतुल चतुर्वेदी भी गए हैं। इस संबंध में संस्थान सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में श्रीकृष्ण जन्मस्थान का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
विज्ञापन
5 of 6
श्री राम मंदिर अयोध्या: रोशनी से जगमग ब्रज के मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
राममंदिर भूमि पूजन के अवसर पर गिरिराज की तलहटी में जगह-जगह दीपदान का आयोजन किया जाएगा। पौराणिक धरोहरों, कुंड एवं सरोवरों पर दीपदान की विशेष तैयारी की गई है। प्राचीन मंदिर दानघाटी पर बुधवार रात आठ बजे विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 1100 दीपक जलाए जाएंगे। मानसी गंगा, आन्यौर के गोविंद कुंड, जतीपुरा में रुद्र कुंड पर भी दीपदान का आयोजन किया जाएगा।
श्री राम मंदिर अयोध्या: श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर के बाहर तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की नींव रखे जाने को लेकर पूरे देश में खुशियों का माहौल है। ऐसे में जिले को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। खुफिया एजेंसियों द्वारा चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता रखी जा रही है। मंदिर-मस्जिद या उसके आसपास के क्षेत्रों को संवेदनशील दायरे में रखा गया है। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ को एकत्रित होने से रोका जा रहा है।