मथुरा जनपद में वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट पर सांसद हेमामालिनी के लापता होने के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। हेमामालिनी के इन पोस्टरों पर लापता होने के साथ इनाम भी देने की बात कही गई है। बताया गया है कि मंगलवार को करीब आधा दर्जन लोगों ने सांसद हेमामालिनी के पोस्टरों के साथ प्रदर्शन किया। परिक्रमा मार्ग स्थित जुगलघाट पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सांसद हेमामालिनी के पोस्टरों को यहां पेड़ और दीवारों पर चस्पा भी किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी ताराचंद गोस्वामी ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में नजर नहीं आईं हैं। उनका वृंदावन में निवास होने के बाद भी वे संसदीय क्षेत्र को छोड़कर मुंबई चली गई हैं। इससे उनके द्वारा इस महामारी के दौरान होने वाली मदद जनता को नहीं मिल पा रही है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों में लोकेश शर्मा, राजेश्वरी, उमा देवी, बीना सिंह, जोशना, आशीष घोष, स्वामी परमानंद, स्वामी रामानंद आदि मौजूद रहे।