सर्द रात में हाड़ कंपाने वाली हवा। बेबस यात्री और ठंड में ठिठुरते बच्चे। यह नजारा था मंगलवार रात में आगरा आईएसबीटी बस स्टैंड का। रात्रिकालीन बस सेवा बंद होने पर यहां यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसी ने बस स्टैंड पर रात गुजारी, तो कोई घर पहुंचने के लिए हाईवे पर ट्रक रुकवाता नजर आया। ठंड के कारण सबसे अधिक दिक्कत बच्चों को हुई। यात्रियों का कहना था कि परिवहन निगम को रोडवेज बसें बंद करने की सूचना पहले से ही देनी चाहिए थी, जिससे लोगों को परेशानी नहीं होती।
आईएसबीटी बस स्टैंड से रात आठ बजे रोडवेज बसों का संचालन बंद हो गया। रोडवेज की बसें यहां आने के बाद कतार में खड़ी हो गईं। रात 7.45 बजे आईएसबीटी से आखिरी बस लखनऊ के लिए रवाना हुई। रात नौ बजे तक यात्रियों का बस स्टैंड पर जमघट लगने लगा। बस की तलाश में यात्री इधर-उधर भटकते नजर आए।