वर्ष 2017 में कश्मीर में शहीद हुए आगरा की बाह तहसील के रहने वाले लांसनायक गोपाल सिंह के घर सेना ने डाक से शौर्य चक्र सम्मान भेज दिया। इससे पुराताल (केंजरा) गांव के लोग नाराज हैं। ग्रामीणों ने इसे शहादत का अपमान बताकर राष्ट्रपति के हाथों शौर्य चक्र दिए जाने की मांग की है। शहीद का परिवार वर्तमान में बापू नगर अहमदाबाद (गुजरात) में रहता है। सेना ने पांच सितंबर को अहमदाबाद के पते पर डाक से शौर्य चक्र भेजा था, जिसे शहीद के माता-पिता जयश्री-मुनीम सिंह भदौरिया ने यह कहकर लौटा दिया कि डाक से शौर्य चक्र को भेजकर बेटे की शहादत का अपमान किया गया है।
मूलरूप से पुराताल (केंजरा) गांव निवासी मुकीम सिंह भदौरिया के बेटे लांस नायक गोपाल सिंह भदौरिया को बतौर एनएसजी कमांडो मुंबई में 26/11 के आंतकी हमले में बहादुरी के लिए विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया गया था। वह आतंकवादियों की गोलीबारी के बीच घायल सूबेदार मेजर को ताज होटल से बाहर लाए थे।