आगरा में मेट्रो का कार्य शुरू हुए मंगलवार को एक साल पूरा हो गया। 365 दिनों में ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन का ढांचा खड़ा हो चुका है। करीब 50 फीसदी सिविल कार्य हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2022 में 273 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन एलिवेटेड सेक्शन का काम पूरा हो जाएगा। विगत 7 दिसंबर, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से बटन दबाकर आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का वर्चुअल शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रोजेक्ट की समीक्षा हो रही है। एक साल के कार्यों पर सोमवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये एक साल बेमिसाल रहा। फतेहाबाद रोड पर 3.2 किमी. का एलिवेटेड सेक्शन निर्माणाधीन है। इसमें तीन स्टेशन होंगे। आगरा प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि 7 दिसंबर, 2022 तक तीनों स्टेशन का काम पूर्ण हो जाएगा। तब हम भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाने का कार्य कर रहे होंगे। यूपीएमआरसी ने सेम इंडिया बिल्टवेल को एलिवेटेड सेक्शन बनाने का कार्य सौंपा है।