ताजनगरी आगरा में चांदी व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पहले उसे गोली मारी गई और फिर चाकू से गला काट दिया। इतना ही नहीं कटे हुए सिर को पॉलिथिन में लपेटकर कार में रख लिया, तभी गश्त करती पुलिस सुनसान जगह पर कार को खड़ा देख मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार को चेक किया तो पिछली सीट पर सिर पड़ा देख होश उड़ गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को दबोचा है, जिसमें से एक भाजपा नेता है और दूसरा उसका भतीजा। वहीं घटना के पीछे की वजह जानकर पुलिस भी हैरान है। सीओ हरीपर्वत ने बताया कि आरोपी मृतक चांदी व्यापारी की पत्नी से दोस्ती करना चाहता था, इसी वजह से उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
थाना सिंकदरा के गांव अरसेना में शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे पुलिस गश्त के दौरान एक सुनसान जगह कार खड़ी दिखाई दी। कार के पास दो युवक भी खड़े थे। पुलिस को देखते ही इन युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने उनको पकड़ लिया। कार की तलाशी ली तो उसमें पिछली सीट पर एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर रखा देख होश उड़ गए।