मारुति स्टेट की सड़क पर लगा कचरे का ढेर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में धनतेरस की खरीदारी लोगों को नाक पर रुमाल रखकर करनी होगी। नगर निगम ने इस दिवाली पर सफाई का विशेष अभियान चलाया ही नहीं, जिस वजह से हर दिन 200 से 250 मीट्रिक टन कचरा बाजार, सड़कों और गलियों में ही पड़ा है। बीते सालों में दिवाली पर सफाई अभियान में 1200 से 1300 मीट्रिक टन कूड़ा कुबेरपुर लैंडफिल साइट पहुंचता था, लेकिन इस बार महज 800 से 900 मीट्रिक टन के बीच ही ढोया जा रहा है।
शहर के 100 वार्डों में हर दिन 750-780 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। दशहरा से दिवाली के बीच घरों में रंगाई पुताई और सफाई के कारण 30 प्रतिशत कूड़ा ज्यादा निकलता था, जिसे विशेष सफाई अभियान चलाकर रात में ही कुबेरपुर लैंडफिल साइट पहुंचाया जाता था। कोरोना संक्रमण के कारण इस साल रंगाई पुताई कम है, लेकिन सफाई जारी है।
घरों से कूड़ा न उठाने के कारण फैला
बीते साल तक निजी एजेंसियां थोड़ा-बहुत ही सही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर रही थीं और नगर निगम के कर्मचारी कचरे को कुबेरपुर लैंडफिल साइट पहुंचाने में लगे थे। लेकिन इस बार निगम के कर्मचारी ही डोर टू डोर कूड़ा एकत्र कर रहे हैं। 1.60 लाख घरों से कूड़ा लिया ही नहीं जा रहा। ऐसे में उन घरों में सफाई के बाद निकला कचरा सड़कों के किनारे और डलाबघर में पहुंच रहा है।
इस वजह से बोदला सिकंदरा रोड, पश्चिमपुरी, करगिल रोड, मारुति इस्टेट, सुभाष नगर, बालाजीपुरम, खातीपाड़ा, लोहामंडी, नौबस्ता, जगदीशपुरा, गढ़ी भदौरिया में आधी सड़क पर कचरे के ढेर पड़े हैं, जबकि बाजारों को दिवाली के लिए एलईडी लाइटों से सजाने का काम शुरू हो चुका है।
दुर्गंध से लोग परेशान
खातीपाड़ा की पार्षद प्रियंका प्रजापति ने कहा कि दिवाली पर अतिरिक्त कचरा उठाना तो दूर, हर दिन कूड़ा उठा लिया जाए, वही बहुत है। नाले के किनारे बने डलाबघर से दिन में दो बार कूड़ा उठाने की जरूरत है, लेकिन तीन दिन में भी कूड़ा नहीं उठ रहा। त्योहार पर दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
बस्तियों में लगे गंदगी के ढेर
राज नगर के पार्षद बंटी माहौल ने कहा कि सड़कों पर सफाई कर दी, पर बस्तियों में, बाजारों में कूड़ा है। सबसे बड़ा त्योहार है, लेकिन बस्तियों में गंदगी के ढेर लगे हैं। एक साल हो गया, डोर-टू-डोर कूड़ा की व्यवस्था भी नगर निगम नहीं करा पाया। अधिकारियों के पास अपने ऑफिस को चमकाने के लिए खूब बजट है, पर सफाई के लिए नहीं।
अतिरिक्त कूड़ा हटाने को कहा गया है
अपर नगर आयुक्त केबी सिंह ने कहा कि त्योहार पर कचरा बढ़ा है, लेकिन हमारे कर्मचारी बढ़े हुए कचरे को उठाने में लगे हुए हैं। दोपहर में सफाई के बाद ही डस्टबिन और डलाबघरों में कूड़ा फिर पहुंच रहा है। सुपरवाइजरों और इंस्पेक्टरों से अतिरिक्त कूड़ा हटाने को कहा गया है।