विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार बृहस्पतिवार को मैनपुरी पहुंचे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। विधानसभा क्षेत्रवार कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। अखिलेश ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए काम करें। विधानसभा चुनाव में समाज के हर वर्ग ने हमको वोट दिया है। हमारा वोट प्रतिशत भी बढ़ा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है, उसके अनुसार ही पार्टी काम करेगी। हर अन्याय, अत्याचार और उत्पीड़न का विरोध किया जाएगा। जन समस्याओं के निराकरण के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाई जाएगी। चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ गई है। डीजल, पेट्रोल, खाद महंगी हुई है। घर बनाना मुश्किल हो गया है। उद्योग, रोजगार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है लेकिन कहीं न कहीं चूक जरूर हुई है। चुनाव आयोग द्वारा अपडेशन के बाद समीक्षा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता सीधे कार्यकर्ताओं से संपर्क रखें। कार्यकर्ता का उत्पीड़न होने पर विरोध करें।