आगरा जिले के पिनाहट क्षेत्र में चंबल नदी का जलस्तर बढ़ना जारी है। बुधवार की सुबह नदी का जलस्तर बढ़कर 120.50 मीटर पर पहुंच गया। खादर और खेतों में पानी भरने के बाद कछार में बसे 38 गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से डरे हुए हैं। हालांकि चेतावनी स्तर 127 मीटर से अभी चंबल नदी सात मीटर नीचे बह रही है। वहीं जलस्तर से पिनाहट में स्टीमर का संचालन बंद हो गया है।
राजस्थान में हो रही बारिश के दबाब में कोटा बैराज से 1.25 लाख क्यूसेक पानी और चंबल नदी में छोड़ा गया है। इससे नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाह के एसडीएम रतन वर्मा ने बताया कि 38 गांवों के लेखपालों को नदी के जलस्तर पर निगरानी करते रहने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी स्तर तक चंबल का पानी पहुंचने से पहले प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर कर दिया जाएगा। इसके लिए आठ बाढ़ चौकियां और तहसील मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया गया है।