ताजमहल में पर्यटकों को उत्पाती बंदरों से बचाने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारियों को तैनात किया गया है, लेकिन फिर भी आतंक कम नहीं हुआ है। बंदर लगातार खूंखार हो रहे हैं और पर्यटकों को निशाना बना रहे हैं। सोमवार की सुबह बंदरों ने स्पेनिश महिला पर हमला कर दिया। बंदरों ने उसकी टांग में काट लिया, जिससे खून बहने लगा। पैर से खून बहता देख पर्यटक फूट-फूटकर रोने लगी। फोटोग्राफर योगेश पारस और एएसआई कर्मचारी अरुण कुमार ने पर्यटक का उपचार किया। इसके बाद वह होटल के लिए रवाना हो गई।
बता दें कि 10 दिन के अंदर ताजमहल में बंदरों के हमले की यह चौथी घटना है। 11 सितंबर को तमिलनाडु के शाहीन रशीद को बंदरों ने काटकर घायल कर दिया था। अगले ही दिन स्वीडन की महिला पर्यटक पर हमला कर दिया था। उसे भी काट लिया था। 14 सितंबर को चमेली फर्श पर दो विदेशी युवतियों पर बंदरों ने हमला किया था।