साल-2007 में रिलीज फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ डॉन दाऊद इब्राहिम के शूटर माया डोलास और मान्या पर फिल्माई गई थी। इसी फिल्म को देखकर एक लाख रुपये के इनामी अरविंद ने अपना नाम माया और मौसेरे भाई का नाम मान्या रखकर एक गैंग बना डाला। इस गैंग में करीब 14 बदमाश शामिल हैं। हत्या, लूट और अपहरण आदि करने वाले इस गैंग का सरगना अरविंद उर्फ माया अब मथुरा पुलिस के निशाने पर है। 1.05 करोड़ रुपये की लूट के मास्टरमाइंड की तलाश में मथुरा की तीन टीमें पूरी शिद्दत से जुटी हुई हैं। सीएम के आगमन से पहले पुलिस इसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। 16 अगस्त को बुलियन कारोबारी से 1.05 करोड़ की लूट को अंजाम देकर माया गैंग ने सनसनी फैला दी थी। हालांकि पुलिस ने तीन लुटेरों समेत सात को जेल भेजकर खुलासा कर दिया है, पर पुलिस के निशाने पर अब मास्टरमाइंड अरविंद उर्फ माया आ गया है। पुलिस की टीमें इसे तलाश रही हैं। अभी तक पुलिस के हत्थे यह नहीं चढ़ सका है।