राजनीति के पर्दे पर सादगी पसंद नजर आने वाली डिंपल यादव आभूषणों की शौकीन हैं। उनके पास पौने तीन किलो सोने के साथ ही 203 ग्राम मोती और हीरे भी हैं। चल और अचल संपत्तियों के मामलों में भी डिंपल यादव करोड़पति हैं। अखिलेश यादव कुल संपत्ति के मामले में अपनी पत्नी से कहीं आगे हैं।
सोमवार को मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। मुलायम सिंह के निधन के बाद मैनपुरी सीट पर हो रहे उपचुनाव में सपा ने डिंपल को प्रत्याशी बनाया है। नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र में उन्होंने अपनी संपत्तियों की जानकारी साझा की है। इसमें बताया है कि उनके पास 2774.64 ग्राम स्वर्ण आभूषण हैं। इसके अलावा उनके पास 203 ग्राम मोती और 127.75 कैरेट हीरे भी हैं। डिंपल के पति अखिलेश यादव के पास सोना या अन्य कोई आभूषण नहीं है।