आगरा के पॉश इलाके कमला नगर में गुरुवार की सुबह दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग मकान के भूतल पर बने गोदाम में लगी। परिवार के लोग बाहर निकल पाते उससे पहले ही पहली मंजिल भी लपटों से घिर गई। इससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मकान में फंसे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कॉलोनी में अफरातफरी मची रही।