फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली वृंदावन पहुंचीं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सड़क मार्ग से दिल्ली से वृंदावन पहुंचीं कंगना रणौत ने सबसे पहले बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा की। मंदिर में सेवायतों ने उन्हें पूजन कराया। इस दौरान कंगना रणौत भक्ति में डूबी नजर आईं। ठाकुरजी के समक्ष पहुंच कर उन्होंने आराध्य को अपलक निहारा और दर्शन पाकर बांकेबिहारी के जयकारे लगाए।
वृंदावन में कंगना रणौत के पहुंचने की जानकारी लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मंदिर पहुंच गए। हर कोई मोबाइल से सेल्फी लेने की कोशिश करता दिखा। सुरक्षा घेरे के बीच उन्हें मंदिर परिसर में ले जाया गया। उन्होंने पूजा अर्चना करने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। सेवायतों ने कंगना रणौत को पाटुका भेंट किया। ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के बाद कंगना निधिवन के लिए रवाना हो गईं।