फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मथुरा: ब्रज में जन्मे कृष्ण कन्हाई... घर-घर गूंजी बधाई, सवा मन पंचामृत से हुआ महाभिषेक

Tue, 31 Aug 2021 03:33 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क अमर उजाला, मथुरा
विज्ञापन
1 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: कान्हा का महाभिषेक करते संत - फोटो : अमर उजाला
मथुरा में सोमवार रात 12 बजते मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर घंटे-घड़ियाल, ढोल-नगाड़े, झांझ-मजीरे और मृदंग बज उठे। शंख की आवाज के साथ मंगल ध्वनि गूंजने लगीं। हरि बोल के जयकारों के साथ ही कृष्ण भक्त नाच उठे। संपूर्ण मंदिर परिसर अजन्मे के जन्म के उत्साह में सराबोर हो गया। तिथि अष्टमी भाद्रपद, जन्मे कृष्ण मुरार, प्रगटे आधी रात को सोये पहरेदार.. के पद की गूंज सुनाई देने लगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हजारों भक्त इन पलों में ठाकुरजी के दर्शन कर भावविभोर हो गए। 
 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन में श्रीराधाकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष केशर आदि सुगंधित द्रव्यों में लिपटे भगवान कृष्ण के विग्रह मोर्छलासन में विराजमान होकर अभिषेक स्थल पहुंचे। रजत कमलपुष्प में विराजित कान्हा का महाअभिषेक सवा मन दूध, दही, घी, बूरा, शहद और दिव्य औषधियों से तैयार पंचामृत से किया गया। इस दौरान आसमान से पुष्पों की कृत्रिम बरसात होने लगी। महाभिषेक के बाद कन्हैया की शृंगार आरती की गई। श्रीकृष्ण के जन्म के इस अलौकिक दर्शन का यह दौर रात 1:30 बजे तक यूं ही चलता रहा।
विज्ञापन

2 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: कान्हा का महाभिषेक करते संत - फोटो : अमर उजाला
मथुरा में सोमवार कान्हा के जन्म के दर्शन की अभिलाषा के साथ आए भक्तों का हुजूम श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास उमड़ पड़ा। दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। घंटों इंतजार के बाद भक्तों को कन्हैया के अलौकिक दर्शन प्राप्त हुए। दिन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रीकृष्णोत्सव में शामिल हुए।  
विज्ञापन

3 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: सीएम योगी ने किए कन्हैया के दर्शन - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी ने दोपहर के वक्त श्रीकृष्ण की पूजन किया। जो परंपरा अब तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज निभाते थे, उसे गोरखनाथ पीठधीश्वर योगी आदित्यनाथ (सीएम) ने निभाया। 

4 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य सजावट - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर भगवान की जन्म ओर लीला भूमि की अलौकिक छवि ने भक्तों में मंत्रमुग्ध कर दिया। जन्मस्थान को जाने वाले सभी रास्तों के साथ तिराहे-चौराहे की सुंदरता आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की खूबसूरती ने अद्भुत छटा बिखेरी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के साथ ब्रज के अन्य मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। 
विज्ञापन

5 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: राधारमण मंदिर में ठाकुरजी का अभिषेक करते सेवायत - फोटो : अमर उजाला
योगीराज का ब्रज की इस पावन धरा पर जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर को बादल छाए रहे। प्रात:काल से ही काली घटाओं ने ब्रज के आंगन को ढक लिया था। शीतल मंद हवाओं ने लोगों को आनंदित किया। कान्हा के भक्त गलियों और सड़कों पर अपने लाडले के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी हल्की बूंदाबांदी भी होती रही। 
विज्ञापन

6 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: प्रेम मंदिर - फोटो : अमर उजाला
ब्रजभूमि के हजारों मंदिरों के अलावा घर-घर ब्रज के लाडले कान्हा का जन्मोत्सव मध्यरात्रि में हुआ। रात्रि के ठीक बारह बजते ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर के भागवत भवन स्थित राधाकृष्ण मंदिर सहित सभी मंदिरों, शहर के सभी प्रमुख बाजारों व श्रद्धालुओं के घरों से घंटे-घड़ियालों व शंखनाद गुंजायमान हो उठे। काफी देर तक हर तरफ से जयकारों के स्वर सुनाई देते रहे। ब्रज के लाला के जन्मोत्सव की बधाई के जयकारे दूर-दूर तक सुनाई दे रहे थे।
विज्ञापन

7 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: इस्कॉन मंदिर में ठाकुरजी का अभिषेक करते संत - फोटो : अमर उजाला
वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कृष्ण-बलराम इस्कॉन मंदिर में देशी-विदेशी भक्तों द्वारा ठाकुरजी के श्रीविग्रहों का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके बाद इस्कॉन मंदिर प्रांगण में हरे राम हरे कृष्ण की सुमधुर ध्वनि के मध्य देशी विदेशी भक्तों ने संकीर्तन किया।

8 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: द्वारिकाधीश मंदिर में भव्य सजावट - फोटो : अमर उजाला
द्वारिकाधीश मंदिर में अजन्मे का जन्म बड़ी धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव प्रात: छ: बजे से ही प्रारंभ हो गया। मंदिर में नौबत बजाई गई, भक्तों ने प्रात: 6:15 बजे तक मंगला के दर्शन खोले किए। 6:30 बजे दूध, दही, शहद, बूरा और घी से ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया। इसके बाद ठाकुरजी का रत्नों, स्वर्ण और चांदी के आभूषणों से भव्य शृंगार हुआ। शृंगार के बाद ठाकुर जी के राजभोग के दर्शन खुले। 
विज्ञापन

9 of 9
मथुरा जन्माष्टमी 2021: बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंदिर के पट खुलने के साथ ही भक्त मंदिर में प्रवेश कर गए। यहां भक्तों ने ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन कर मनौती मांगी। मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों का रेला था। दर्शन करने की चाह में पहुंचे भक्तों को अव्यवस्थाओं से दो चार होना पड़ा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें