अयोध्या के जगद्गुरु परमहंस दास आचार्य ने पांच मई को ताजमहल में प्रवेश का एलान किया था, लेकिन वह मंगलवार को आगरा पहुंचे। इसकी जानकारी पर पुलिस प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने ताजमहल में भगवान शिव की पूजा करने का एलान किया। सुबह करीब 11 बजे महंत परमहंस दास अपने शिष्य के संग ताजमहल के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस फोर्स ने उन्हें फतेहाबाद मार्ग पर ही रोक लिया। महंत का कहना है कि वह वहां पूजा करना चाहते हैं। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देकर ताजमहल में नहीं जाने दिया है। पुलिस द्वारा रास्ते में रोके जाने पर महंत परमहंस दास ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने एक वीडियो जारी किया है। महंत परमहंस दास ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए कहा कि वह एएसआई के अधिकारी के निमंत्रण पर आगरा आए थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने रास्ते में ही रोक दिया। चार घंटे सड़कों पर घूमाने के बाद एक गेस्टहाउस में रखा है।