मैनपुरी में राज कारपोरेशन लिमिटेड (आरसीएल) के डायरेक्टर और सपा नेता मनोज यादव के पंजाबी कॉलोनी स्थित आवास पर रविवार को भी आयकर विभाग की जांच जारी है। आयकर विभाग की टीम ने शनिवार सुबह उनके आवास पर छापा मारा था। अब तक की कार्रवाई में क्या सामने आया, इस पर आयकर अधिकारी कुछ भी बोलने का तैयार नहीं है।
आयकर विभाग की टीम ने शनिवार को सुबह तड़के छह बजे एक साथ आरसीएल के डायरेक्टर के घर, कार्यालय व अन्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की थी। सुबह जब टीम पहुंची तो लोग सोकर भी नहीं उठे थे। इसके लिए पहले से तैयारी की गई थी। मैनपुरी आयकर विभाग की टीम को बाद में मौके पर बुलाया गया। इसके बाद से जांच जारी है।
आयकर के छापे पर मनोज यादव ने कहा कि सबको पता है कि कैसे क्या होता है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग का सर्वे एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन ये बात और है कि कार्रवाई एकतरफा की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे सभी भुगतान ऑनलाइन ही कराते हैं। उन्होंने खुद को मैनपुरी व आसपास के जिलों में सर्वाधिक आयकर देने वाला बताया।