शादी की पहली सालगिरह पर ससुराल से मायके आई पत्नी वापस नहीं आई तो बात करने के लिए पति अजमेर से आगरा आ गया। मगर, ससुराल वालों ने घर का दरवाजा नहीं खोला। पत्नी भी बहाने से रिश्तेदार के घर चली गई। इस पर पति ससुराल के गेट पर 31 घंटे धरने पर बैठा रहा। मगर, पत्नी नहीं आई। आखिर में वो रविवार शाम चार बजे वापस चला गया। मामला आगरा का है। अजमेर (राजस्थान) के वैशाली नगर के रहने वाले अविनाश वर्मा की शादी दो मई 2015 को सुलहकुल नगर की रहने वाली युवती से हुई है। अविनाश एकाउंटेंट थे। पिता सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार हैं। अविनाश के मुताबिक, शादी की पहली सालगिरह पर पत्नी ब्यूटी पार्लर जाने की कहकर घर से निकल गई। इसके बाद लौटकर नहीं आई। उसने पत्नी को फोन किया। वह कुछ देर में लौटने की कहती रही। कई घंटे बाद पता चला कि वह बहाने से मायके चली गई है।