आगरा में मेट्रो ट्रेन की खुदाई से घरों में आई दरार के बाद मोती कटरा के लोगों के लिए एक और मुसीबत खड़ी हो गई। कई घरों की सबमर्सिबल खराब हो गई है। कुछ से मटमैला पानी आ रहा है। इससे पानी के लिए लोग भटकते रहे। मकानों की दरारें भी बढ़ती जा रही हैं। दहशत में लोग किराए के मकान या रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हैं।
मोती कटरा क्षेत्र से मेट्रो ट्रेन के भूमिगत स्टेशन के लिए सुरंग बन रही है। इसके चलते मोती कटरा में कई मकानों की छत, दीवार और फर्श में दरारें आ गई हैं। खुदाई के बाद मकानों की दरारें भी बढ़ती जा रही हैं। इससे इनके ढहने का खतरा भी बढ़ गया है। बचाव के लिए जैक और लोहे की बल्लियों का सहारा दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को तो कई घरों की सुबह सबमर्सिबल ही बंद हो गईं, जिनकी चल रही थीं, उनमें से मटमैला पानी आ रहा है। बाजार से बोतलें खरीदकर पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। कटरा की गौरी वर्मा ने बताया कि दो मंजिला मकान में दरारें लगातार बढ़ रही हैं। मेट्रो के अधिकारी भी इनकी मरम्मत नहीं करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें - UP: हॉस्पिटल में बाहर से ताला...अंदर हो रहा था ऐसा काम, छापा मारने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम भी हैरान