फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटा में जमकर बरसे बादल: 'आफत' लेकर आई 10 घंटे की भारी बारिश, शहर से देहात तक 'पानी ही पानी', देखें तस्वीरें

Tue, 20 Jul 2021 01:53 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, एटा
विज्ञापन
1 of 6
एटा में बारिश के बाद का हाल - फोटो : अमर उजाला
मानसून एटा जनपद में देर से आया है लेकिन अब जमकर बरस रहा है। सोमवार देर रात से मंडराए काले बादल रात में जमकर बरसे। मंगलवार सुबह तक शहर से देहात तक झमाझम बारिश हुई। एक ओर जहां भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मौसम की बारिश ने राहत दी तो वहीं दूसरी ओर बारिश ने जनपद का हाल बदल दिया। 10 घंटे की बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। जिला मुख्यालय पर पूरे शहर में हर ओर पानी ही पानी नजर आया। सभी सड़कें, गली-मोहल्ले आदि में जलभराव की समस्या देखी गई। तमाम आवासीय और व्यवसायिक परिसरों में भी पानी भर गया। अस्पतालों में मंगलवार को इलाज के लिए आए लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया। शहर की सड़कों पर पानी भर गया जिससे दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। स्थानीय प्रशासन के साथ पालिकाकर्मी पानी की समस्या से दो चार होते देखे गए। मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले की अनुमान व्यक्त किया था कि 19-20 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
विज्ञापन

2 of 6
एटा में बारिश के बाद भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
एटा में सोमवार रात करीब दो बजे से बारिश शुरू हुई जो मंगलवार सुबह तक जारी रही। करीब 10 घंटे तक अनवरत रूप से बारिश हुई। बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पूरा सैनिक पड़ाव और आसपास काफी क्षेत्र पानी में डूब गया। देखने वालों को यह जगह नहर जैसी लग रही थी। गांधी मार्केट और कचहरी रोड से दीवानी और कलक्ट्रेट तक पहुंचने के रास्तों पर पानी भरा हुआ है। 
विज्ञापन

3 of 6
सरकारी दफ्तरों के रास्तों में भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
एसएसपी कार्यालय और कलक्ट्रेट परिसर के अंदर भी जलभराव हो गया। आने-जाने वाले लोगों को इसमें होकर निकलना पड़ा। यहां सफाई कर्मचारी पानी निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे।

4 of 6
अस्पताल में भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
शहर के जिला अस्पताल परिसर में हर ओर पानी नजर आया। सर्जिकल वार्ड और ऑपरेशन थिएटर के अंदर भी पानी भरने से मरीजों व तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। इलाज के लिए आए मरीज पानी के बीच से वार्ड में पहुंचे।
विज्ञापन

5 of 6
अस्पताल परिसर में भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
घंटाघर, बाबूगंज, सुभाष मूर्ति रोड, हाथी गेट, गांधी मार्केट आदि बाजारों में पानी भरा होने के कारण दुकानें बंद हैं। वहीं झमाझम बारिश से आधे शहर की बिजली भी गुल हो गई। शहर में कई जगह विद्युत लाइनों में फाल्ट हो गए। रात से ही बिजली चली गई। सुबह के समय बिजली न होने से लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
बारिश के बाद गिरा लिंटर - फोटो : अमर उजाला
एटा जनपद के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव करतला में मंगलवार सुबह बारिश में बरामदे की छत गिर गई। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। वहीं अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला गलुआ में छत गिरने से मासूम सहित तीन घायल हो गए। गांव करतला निवासी हरपाल सिंह की 57 वर्षीय पत्नी रामवती की छत गिरने से मौत हुई है। मृतका के पुत्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि लगातार बारिश होने से बरामदे की छत से पानी टपकने लगा था। परिवार के अन्य लोग कमरे व पड़ोस के घरों में जाकर बैठ गए। जबकि मां बरामदे में भरे पानी को निकाल रही थीं। तभी बरामदे की छत (डाट वाली छत) भरभरा कर गिर गई। छत गिरने की तेज आवाज हुई तो चीख-पुकार मच गई। आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तेज बारिश के दौरान ही मलबा हटाना शुरू किया। करीब एक घंटे में मां के शव को बाहर निकाल सके। वीरेंद्र सिंह का कहना है कि तीन भाइयों का संयुक्त परिवार तीन कमरों के मकान में रहता है। तीनों कमरों का एक ही बरामदा था। थानाध्यक्ष रामकेश सिंह राजपूत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें