मथुरा में मंगलवार को ऐसा हादसा हुआ, जिसने लोगों का दिल झकझोर दिया। बाबुल के घर से विदा होकर जा रही दुल्हन अपनी ससुराल पहुंचने से पहले विधवा हो गई। हादसे में दूल्हे और उसकी बुआ की मौत हो गई, जबकि नवविवाहिता समेत चार लोग घायल हैं। इस हादसे ने इनके परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।
2 of 5
अस्पताल में घायल
- फोटो : अमर उजाला
मांट के गांव आंधरे गढ़ी निवासी 22 वर्षीय पिंटू पुत्र विनोद की शादी सोमवार को राया के गांव बल्टी गढ़ी की रहने वाली सर्वेश से हुई थी। शादी के बाद मंगलवार सुबह पिंटू अपनी दुल्हन सर्वेश को विदाकर कार से लौट रहा था। कार में अन्य रिश्तेदार भी सवार थे।
3 of 5
मृतक के परिवार में पसरा मातम
- फोटो : अमर उजाला
गांव आंधरे गढ़ी में परिवार वाले दूल्हा-दुल्हन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन कार चालक के पलक झपकते ही तीन परिवारों की खुशियां छिन गईं। नौहझील मांट मार्ग पर गांव प्रेमनगर के समीप कार चालक को झपकी आ गई। इसके कारण कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।
4 of 5
अस्पताल में स्ट्रेचर पर रखा दूल्हे का शव
- फोटो : अमर उजाला
टक्कर होते ही कार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां दूल्हा पिंटू और उसकी बुआ पुष्पा पत्नी नीरज निवासी हजरतपुर को मृत घोषित कर दिया गया। दुल्हन सर्वेश, दूल्हे के फूफा नीरज पुत्र वीरपाल, संतोष पुत्र बाबूलाल समेत चार घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शी बबलू निवासी प्रेमनगर ने बताया कि कार ओवर स्पीड में चल रही थी, तभी अचानक से पलटी खाते हुए बिजली के पोल से जा टकराई। इस हादसे के बाद दुल्हन और मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिन परिवारों में शादी की खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घायल दुल्हन को अभी तक होश नहीं आया है।