विश्वदाय स्मारक ताजमहल पर पर्यटकों की सहूलियत के लिए संचालित की जाने वाली गोल्फ कार्ट को निजी हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में मंडलायुक्त अनिल कुमार ने आगरा विकास प्राधिकरण से प्रस्ताव मांगा है। अगर, सब कुछ सकारात्मक रहा है तो ताजमहल पर बुकिंग बिक्री के साथ ही गोल्फ कार्ट का संचालन भी निजी हाथों में चला जाएगा।
विज्ञापन
2 of 6
golf carts
ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में डीजल-पेट्रोल वाहन प्रतिबंधित हैं। इसलिए स्मारक के पश्चिमी गेट पर अमरूद का टीला और पूर्वी गेट पर शिल्पग्राम में अपने वाहनों की पार्किंग करनी पड़ती है। इन पार्किंग स्थलों से स्मारक तक जाने के लिए सिर्फ गोल्फ कार्ट ही सहारा है।
विज्ञापन
3 of 6
ताजमहल पर संचालित बैटरी बस
इन गोल्फ कार्ट का संचालन एडीए द्वारा किया जाता है। मगर, पर्यटकों की संख्या के सापेक्ष ये गाड़ियां काफी कम पड़ जाती हैं। खराबी के बाद मरम्मत के चलते कुछ गोल्फ कार्ट गैराज में रहती हैं तो कुछ में बैटरी का अभाव है। ऐसे में अधिकांश पर्यटकों को पार्किंग से पैदल ही स्मारक तक जाना पड़ जाता है। काफी सख्ती के बाद भी गोल्फ कार्ट का संचालन सुचारू नहीं हो पा रहा।
4 of 6
golf carts
अब गोल्फ कार्ट को निजी हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। पिछले दिनों मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने एडीए के मुख्य अभियंता और सहायक अभियंता (पथकर) से इस संबंध में प्रस्ताव मांगा है। बता दें कि इससे पहले ताजमहल के दोनों गेटों पर टिकट बिक्री का काम निजी हाथों में दिया जा चुका है।
विज्ञापन
5 of 6
ताजमहल
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व में पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल से स्मारक तक घोड़ा गाड़ियों का संचालन होता था। मगर, सपा सरकार में ताजगंज प्रोजेक्ट के तहत ताजमहल के आसपास सड़कों पर लगाए गए कीमती पत्थर को हो रहे नुकसान के चलते इनका संचालन बंद कर दिया गया। दरअसल, घोड़ों की टापों से कीमती पत्थर चटक रहे थे। शिल्पग्राम पार्किंग से ताज तक अब घोड़ा गाड़ी नहीं चलती। इससे भी पर्यटकों की परेशानी बढ़ी।
ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों के लिए गोल्फ कार्ट सुविधा निशुल्क है। मगर, बहुत से पर्यटकों को ये उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्हें पैदल ही जाना पड़ता है। वहीं मंडलायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि एडीए के अधिकारियों को गोल्फ कार्ट का संचालन आउटसोर्स से कराए जाने के लिए पत्रावली पर प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा है।