फिरोजाबाद जिले में गोवंश छुट्टा घूम रहे हैं। लोगों की जान जा रही है। छुट्टा गोवंश के हमले से 18 दिन में एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को पकड़ने के लिए अफसर पहल करते दिखाई नहीं दे रहे। शहर में बजरिया स्थित सब्जी मंडी, सुहागनगर सब्जी मंडी, रसूलपुर स्थित सब्जी मंडी, जलेसर रोड झील की पुलिया, कोटला रोड पुलिस चौकी के आसपास के अलावा सैलई चौराहा के आसपास गोवंश काफी संख्या में देखे जा सकते हैं। जिम्मेदार अफसर जगह का अभाव होने की बात कहते हुए इनको पकड़ने से हाथ खड़े कर देते हैं। जबकि नगर निगम क्षेत्र में दो गोशालाएं हैं। एक आर्यनगर स्थित तिलक इंटर कॉलेज के पास और दूसरी जलेसर रोड ककरऊ कोठी के समीप कान्हा गोशाला है।
18 दिन में इन लोगों की हुई मौत
- 15 फरवरी को गोवंश के हमले से मैलई मोहम्मदपुर निवासी किशन व उसके पुत्र रितिक की उपचार के दौरान मौत।
- 20 फरवरी को नारखी थाना क्षेत्र के गांव भौडेला निवासी राजवेटी की गोवंश के हमले से मौत।
- 24 फरवरी को रुपसपुर के समीप गोवंश ट्रेन से टकराई। छह गोवंश की मौत, हादसा बचा।
- 04 मार्च की रात ममता डिग्री कॉलेज के समीप ऑटो सवार पिता की मौत, बेटा घायल।