फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला पड़ताल: आगरा में एक साल में बर्बाद हो गया 50 करोड़ लीटर पानी, परेशान रही 'जिंदगानी'

Fri, 05 Feb 2021 10:31 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 8
आगरा: पाइपलाइन में लीकेज होने से फव्वारा की तरह निकलता पानी - फोटो : अमर उजाला
ताजमहल के शहर आगरा में एक तरफ पानी के लिए जिंदगानी को जूझना पड़ता है, वहीं दूसरी तरफ हर रोज हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो जाता है। दरअसल, जीवनी मंडी और सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े पाइपलाइन नेटवर्क के पाइप जर्जर हो चुके हैं। जर्जर और गले हुए पाइपों के कारण एक साल (वर्ष 2020) में 50 करोड़ लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया। सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अभियंता अशोक प्रकाश ने अध्ययन कर यह अनुमान लगाया है। इस पानी से शहर में तीन दिन आपूर्ति की जा सकती थी। यह 27.77 लाख लोगों की एक दिन की जरूरत का पानी है। ताजनगरी में फिलहाल 9-10 लाख लोगों को ही जलकल की पाइपलाइन से पानी उपलब्ध हो रहा है। बाकी शहर की जलापूर्ति सबमर्सिबल पंप और ट्यूबवेल पर निर्भर हैं।
विज्ञापन

2 of 8
आगरा किले के पास पाइपलाइन टूटने से बहा पानी - फोटो : अमर उजाला
संकट : 130 साल पुरानी पाइप लाइनें जर्जर 
ताजनगरी में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स की स्थापना 1888 में हुई थी। तभी जीवनी मंडी से पुराने शहर के लिए मेन राइजिंग लाइन बिछाई गई थीं। ब्रिटिश काल की पुरानी पाइपलाइनें अब जर्जर हो चुकी हैं, जिसमें बीते साल में 3955 लीकेज से पानी बर्बाद होता रहा। जलकल विभाग ने इन लीकेज की मरम्मत की, लेकिन लोगों की मुसीबतें फिर भी कम नहीं हुई। 

130 साल पुरानी लाइनों के जर्जर होने के कारण इनमें हर दिन औसतन 11 से 12 लीकेज की मरम्मत कराने की नौबत आ रही है। मरम्मत के बाद भी पाइपलाइन लीकेज का सिलसिला जारी है। शहर में बीते साल जवाहरपुल, छीपीटोला, जीवनी मंडी, मंटोला नाला, कमला नगर, सुल्तानगंज पुलिया, शाहगंज-बोदला, कैलाशपुरी, मानसिक चिकित्सालय के पास के लीकेज को ठीक करने के साथ पाइपलाइन बदलने का काम किया गया, लेकिन पानी का संकट अब भी दूर नहीं हुआ।
विज्ञापन

3 of 8
आगरा: पाइपलाइन से निकलता पानी - फोटो : अमर उजाला
समस्या : जीवनी मंडी के पास लीकेज ज्यादा
पानी की जर्जर पाइपलाइनों के लीकेज और गले हुए पाइपों के पीस बदलवाने पर जलकल विभाग ने वर्ष 2020 में पांच करोड़ रुपये खर्च किए हैं। जलकल विभाग के पूर्व सचिव अनवर ख्वाजा के मुताबिक जीवनी मंडी के पास की पाइपलाइनें जलकल स्थापना के समय की हैं। उनकी हालत ज्यादा खराब है। उनके लीकेज ही ज्यादा होते हैं। सालाना लगभग 5 करोड़ रुपये का बजट मरम्मत के लिए है। 28 इंच की लाइनों में लीकेज ज्यादा हुए हैं। जवाहरपुल, जीवनी मंडी, कैलाशपुरी पर लाइनें जर्जर हो चुकी हैं।

4 of 8
कृष्णा कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन में लीकेज (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
इन जगहों पर ज्यादा जर्जर हैं लाइनें
- जीवनी मंडी वाटरवर्क्स गेट मंदिर के पास
- जीवनी मंडी वाटरवर्क्स यमुना की तलहटी
- जीवनी मंडी पेट्रोल पंप के सामने
- कृष्णा कॉलोनी के पास यमुना के किनारे
- शाहगंज-बोदला रोड पर मेन फीडर
- आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर
- बल्केश्वर, लोहिया नगर, कमला नगर
- ट्रांसयमुना कॉलोनी, प्रकाश नगर
- स्ट्रैची ब्रिज और जवाहरपुल की लाइन
- रिंग रोड, विजय नगर, लंगड़े की चौकी
विज्ञापन

5 of 8
पानी की पाइपलाइन में लीकेज (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
स्पष्टीकरणः पाइपलाइनें जर्जर हैं, लीकेज तो होंगे ही
सवाल : लीकेज कभी बंद होंगे या नहीं, आखिर जल निगम कर क्या रहा है?
जवाब : जीवनी मंडी वाटरवर्क्स बने 130 साल हो गए। उसी समय की अधिकतर लाइनें हैं। मियाद खत्म हो चुकी है। इसलिए इतने लीकेज हो रहे हैं।
सवाल : तो क्या यह मान लिया जाए कि महकमा कुछ कर ही नहीं पाएगा?
जवाब : जैसे-तैसे हम सप्लाई दे रहे हैं। नई लाइनें बिछेंगी, तब लीकेज बंद होंगे। एक जगह लीकेज बंद करते हैं तो दूसरी जगह से हो जाती है।
सवाल : रोज हजारों लोगों को पानी नहीं मिल रहा, इसके लिए कोई तो जिम्मेदार होगा?
जवाब : हमारी मजबूरी है, अगर प्रेशर कम रखें तो पानी नहीं मिलेगा, ज्यादा रखें तो लाइन फट जाती है। जिम्मेदार किसे मानें, हम खुद परेशान हैं।        
- आरएस यादव, महाप्रबंधक, जलकल
विज्ञापन

6 of 8
आगरा के मेयर नवीन जैन
नई लाइनों का प्रस्ताव बनवा रहे- मेयर
मेयर नवीन जैन ने बताया कि पुरानी जर्जर लाइनों की जगह नई पाइपलाइन बिछाने की योजना है। जलनिगम से इसका प्रोजेक्ट बनवाया जा रहा है। उन इलाकों में भी पाइपलाइन बिछाने की योजना बनवा रहे हैं, जहां वाटरवर्क्स का पानी नहीं मिल रहा है। 
विज्ञापन

7 of 8
आगरा: लीकेज से हजारों लीटर बर्बाद हुआ पानी - फोटो : अमर उजाला
47.50 लाख रुपये का पानी हो गया बर्बाद
एक साल के दौरान लीकेज से जो पानी बर्बाद हुआ, वह अगर लोगों के घरों तक पहुंचता और इसकी बिलिंग होती तो सरकारी रेट से इसकी कीमत 47.50 लाख रुपये होती। जलकल विभाग घरों में 9.50 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से जलमूल्य लेता है। ये अनुमानित मूल्य है। अगर मीटरिंग प्रणाली होती तो बर्बाद हुए पानी की कीमत कहीं ज्यादा निकलती।
विज्ञापन

8 of 8
आगरा: पाइपलाइन लीकेज होने से निकलता पानी - फोटो : अमर उजाला
एक-एक बूंद कीमती फिर भी कर रहे हैं बर्बाद 
जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से एक साल पहले 21 जनवरी 2020 से गंगाजल का वितरण शुरू हो गया था। पार्षद रवि बिहारी माथुर के मुताबिक इस पानी की गुणवत्ता बाजार में बिकने वाले बोतलबंद पानी से भी बेहतर है। गंगा का पानी तो अनमोल है, इसकी एक-एक बूंद कीमती है, लेकिन 20 रुपये लीटर की दर से बोतलों में बिक रहे पानी से ही अगर इसकी तुलना की जाए तो अरबों रुपये का पानी नाले में बर्बाद हो चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें