आगरा में पुलिसकर्मियों की करतूत के दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिससे खाकी की छवि पर सवाल उठे हैं। पहले मामले में एक पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में खाकी को शर्मसार किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो एक मिनट नौ सेकंड का है। इसमें सिपाही सड़क पर हंगामा करता दिखाई दे रहा है। एक युवक उसका मोबाइल से वीडियो बनाने लगता है। इस पर सिपाही उसके पीछे दौड़ता है। यह देख युवक भागने लगता है। कुछ दूरी पर जाकर सिपाही खोखा संचालक से अभद्रता करता है। उसके खोखे के बाहर रखा तख्त उठाने की कोशिश करता है। मगर, सिपाही खुद ही गिर पड़ता है। दूसरा मामला ताजमहल के बाहर का है। यहां तैनात एक सिपाही ने पर्यटक को मुंह तोड़ने की धमकी दे डाली। इसका भी वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।