मथुरा के बरसाना में राधारानी के जन्मोत्सव पर आस्था का सागर उमड़ पड़ा। रविवार सुबह से ही राधारानी मंदिर में लाडली जी के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। बधाई गीतों से राधारानी मंदिर गुंजायमान हो उठा। पारंपरिक धोती, बगलबंदी, पटुका माथे पर बल्लभकुली तिलक लगाए एक ओर नंदगांव के समाजी वहीं दूसरी ओर बरसाना के समाजी बाबा वृषभानु और मैया कीरति को समाज गायन कर बधाई दे रहे थे। राधारानी ने सफेद छतरी के नीचे विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए।
मंदिर प्रांगण में समाज गायन की ऐसी तान छिड़ी, जिसे सुन कर हर कोई थिरकने लगा। समाज गायन का ये दौर दो घंटे तक चला। इस दौरान नंदगांव के समाजियों ने भांड बधाई गायन शुरू किया। बरसाना के वयोवृद्ध द्वारा नंदगांव के वयोवृद्ध का मिलाई भेंट का रुपया दिया गया। आनंद स्वरूप उपहार लुटाए गए। समाज गायन के बाद एक-दूसरे के गले मिल बधाई दी। दूरदराज के श्रद्धालुओं ने बरसाना आकर राधाजी के जन्म के अभिषेक के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। मंदिर प्रांगण में ऐसा लग रहा था जैसे द्वापरकालीन लीला की एक बार फिर से पुनरावृत्ति हो रही हो। समाज के समापन के बाद राजभोग आरती की गई।