उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार की शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कैंटर की टक्कर से मौसेरे भाई-बहन की मौत हो गई। सात दिन पहले ही युवक की शादी हुई थी। मेंहदी छूटने से पहले ही उसकी अर्थी उठ गई। घटना से घर में कोहराम मच गया।
हादसा बाह थाना क्षेत्र के फरैरा-शिकोहाबाद मार्ग पर स्थित बिजकौली गांव के पास हुई। यहां शाम करीब 5 बजे कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अंकित और मौसेरी बहन रोशनी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही देर में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।