दुबई में हुए टी-20 विश्व कप में 24 अक्तूबर 2021 को भारत की हार और पाकिस्तान की जीत पर जश्न मनाने के केस में आरोपी कश्मीरी छात्र अरशीद यूसुफ, शौकत अहमद गनी और इनायत अल्ताफ शेख के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी गई। इसमें उन्हें राष्ट्रद्रोह और साइबर आतंकवाद की धारा के तहत आरोपी बनाया गया है। तीनों बिचपुरी स्थित आरबीएस इंजीनियरिंग संकाय से इंजीनियरिंग कर रहे थे। पुलिस ने चार्जशीट के लिए शासन से अनुमति मांगी थी। मगर, अनुमति नहीं मिली। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी को 90 दिन पूरे हो रहे थे। चार्जशीट नहीं लगने पर आरोपियों को जमानत मिल सकती थी। इस पर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह और साइबर आतंकवाद की धारा में कोर्ट में चार्जशीट पेश की गई है। इसमें 12 गवाह बनाए गए हैं। इनमें कालेज प्रबंधन से जुड़े लोगों के साथ ही छात्र और अन्य लोग हैं।