बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मथुरा जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बसपा ने उन्हीं को मौका दिया है, जिन्हें पिछले दिनों विधानसभा का प्रभारी बनाया गया था। कुछ पुराने व कुछ नए प्रत्याशियों पर दांव खेला है। मांट विधानसभा से फिर से श्याम सुंदर शर्मा पर भरोसा जताया गया है। वह आठ बार से लगातार विधायक हैं। इसके अलावा गोवर्धन से राजकुमार रावत पर दांव खेला है। वह भी पुराने खिलाड़ी हैं। दो बार विधायक रह चुके हैं। मथुरा, छाता और बलदेव से चुनाव मैदान में आए चौधरी जगवीर, सोनपाल और अशोक कुमार के लिए राजनीति तो नई नहीं हैं। लेकिन यह तीनों ही प्रत्याशी पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाएंगे।
मांट से श्याम सुंदर शर्मा बने उम्मीदवार
बसपा ने मांट विधानसभा से फिर एक बार आठ बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया है। श्याम सुंदर मांट विधानसभा से 1989 से आज तक विधायक हैं। 2012 में रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने हराया था, लेकिन एक माह बाद जयंत चौधरी ने इस्तीफा दे दिया था। श्याम ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वह फिर एक बार मांट विधानसभा में जीत हासिल करेंगे। मालूम हो कि श्याम सुंदर विभिन्न पार्टी से चुनाव लड़कर जीत हासिल कर चुके हैं।