आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिम पुरी स्थित खंडेलवाल कॉम्प्लेक्स होटल में प्रेमिका की हत्या करने वाला प्रेमी उससे शादी करना चाहता था। घरवारों को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था। इस पर दोनों ने अपनी जान देने का फैसला कर लिया। बुधवार रात को दोनों होटल में रुके। इसी दरम्यान प्रेमी ने दुपट्टे से गला घोंटकर प्रेमिका की हत्या कर दी। खुद भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी।
होटल में जगदीशपुरा के नगला बेर की पूजा की हत्या कर विषाक्त पदार्थ पीने वाले जोगेंद्र को अस्पताल में उपचार के बाद होश आया। इस पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसने बताया कि पूजा और वो शादी करना चाहते थे। मगर, उसके घरवालों ने इनकार कर दिया था। इससे ही परेशान होकर यह कदम उठाया। उधर, मृतका के पिता गोविंद सिंह ने आरोपी पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब बेटी लापता हुई तो पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।