आगरा में बच्चों को पढ़ाई का बेहतर माहौल देने के लिए मंडी सईद खां के प्राथमिक विद्यालय में 25 लाख रुपये खर्च कर नई इमारत, फर्नीचर, झूले लगवाए गए। लेकिन स्कूल आने वाले बच्चे चिलचिलाती धूप में जमीन पर बैठ रहे हैं। जो कमरे संवारे गए, उनमें खंड शिक्षाधिकारी ने अपना कार्यालय खोल लिया है। स्कूल के चार कमरों में अधिकारी बैठ रहे हैं, जबकि चार कमरों में ही पूरा स्कूल चल रहा है। इस स्कूल का पुनर्निर्माण समाजसेवी डवी सरीन ने बच्चों के लिए कराया था।
शिक्षा विभाग ने परिषदीय प्राथमिक विद्यालय मंडी सईद खां में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), नगर क्षेत्र का कार्यालय बनाया है। बच्चों को धूप में पढ़ते हुए देखकर मंगलवार को क्षेत्रीय पार्षद शिरोमणि सिंह स्कूल पहुंचे। ऑफिस के रूप में बनाए गए कमरे खाली पड़े थे, जबकि बच्चे धूप में थे। उन्हें बताया गया कि चारों कक्ष कार्यालय के कब्जे में हैं, इस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई।