फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिप लाइन हादसा: माथे की हड्डी टूटी, तुरंत चली गई जान; मां ने वीडियो में कैद कर ली 16 वर्षीय बेटे की मौत

Tue, 26 May 2026 08:41 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा चौपाटी में जिप लाइन से गिरकर युवक कुनाल की मौत माथे की हड्डी टूटने और मस्तिष्क में सूजन आने से हुई, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। घटना का 17 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है, जबकि पुलिस का कहना है कि उचित सुरक्षा जाल और गद्दा होता तो जान बच सकती थी।
विज्ञापन
1 of 9
चौपाटी हादसा - फोटो : अमर उजाला
आगरा चौपाटी में जिप लाइन से 45 फीट नीचे गिरकर कुनाल की दर्दनाक मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि भी हो गई। गिरने पर कुनाल का माथा फर्श पर टकराया था, जिससे दाहिनी तरफ उसके माथे की हड्डी टूट गई थी। मस्तिष्क में अचानक सूजन आने से वह कोमा में चला गया और समय पर इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई।

पुलिस ने कुनाल के शव को रविवार शाम ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मगर कागजी प्रक्रिया पूरी न हो पाने से सोमवार दोपहर 12 बजे पोस्टमार्टम कराया जा सका। इसके बाद परिजन शव को लेकर फिरोजाबाद चले गए। उधर, एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि अगर जिप लाइन के नीचे सुरक्षित जाल और गद्दा होता तो जान नहीं जाती।

 
विज्ञापन

2 of 9
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटना का वीडियो हुआ वायरल, खड़े हो गए रोंगटे
जिस समय कुनाल जिप लाइन पर सवार हो रहा था, उस समय उसकी मां रिंकी और भाई मयंक नीचे खड़े होकर वीडियो उसका बना रहे थे। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह पूरी घटना मोबाइल में कैद हो गई। कुनाल के जिप लाइन पर जाने के दौरान 10 फीट पर ही वह नीचे गिर गया। जिस स्थान पर वो गिरा, वहां पर 10 फीट पर ही 10 फीट चौड़ा एक जाल लगा हुआ था। इस पर रस्सी थी। इस रस्सी पर गिरने पर भी कुनाल की जान नहीं बच पाई। वह रस्सी पर गिरने की वजह से उछल गया और जमीन पर गिर गया। यह देखकर मां दौड़ पड़ती है। अब घटना का 17 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है।


 
विज्ञापन

3 of 9
जांच करते पुलिस अधिकारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जिप लाइन हादसे के बाद चौपाटी पर ताला
ताजनगरी फेज-2 स्थित एडीए की चाैपाटी में रविवार शाम जिप लाइन का लाॅक टूटने से 16 वर्षीय कुनाल की माैत के बाद ताला लटक गया है। झूलों के साथ सुरक्षा उपकरण, मानक व प्रमाणपत्रों की जांच पूरी होने तक यही स्थिति रहेगी। उधर, मृतक के पिता पंकज अग्रवाल की शिकायत पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सुरक्षा प्रभारी अभिषेक और मैनेजर संतोष कुमार को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना में दिल्ली की कंपनी के संचालक को भी आरोपी बनाया गया है।

 

4 of 9
जांच करते पुलिस अधिकारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाटी घूमने आया था परिवार 
फिरोजाबाद के गांधी नगर स्थित गली नंबर 15 निवासी पंकज अग्रवाल चूड़ी कारोबारी हैं। वह रविवार शाम पत्नी रिंकी अग्रवाल, बेटों कुनाल और मयंक के साथ चाैपाटी घूमने आए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटा कुनाल जिप लाइन पर झूलने गया था। जिप लाइन 45 फीट ऊंची और 120 फीट लंबी है। कर्मचारियों ने कुनाल को जिप लाइन पर सवार किया। वह तकरीबन 10 फीट ही आगे बढ़ा था कि हुक टूटने से वह 45 फीट नीचे आ गिरा और मौत हो गई।

 
विज्ञापन

5 of 9
विलाप करते परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता ने दी तहरीर 
मृतक के पिता ने देर रात थाना ताजगंज में तहरीर दी। इसमें ईओडी चाैपाटी आगरा, सेफ्टी इंचार्ज जिप और ईओडी मालिक को जिम्मेदार बताया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने भी माैका मुआयना किया। उन्होंने पाया कि किशोर को जिप लाइन पर सवार कराने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। जिप लाइन के नीचे किसी तरह के गद्दे और जाल की व्यवस्था नहीं थी। कर्मचारियों ने उसके हुक को भी चेक नहीं किया। मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई।

 
विज्ञापन

6 of 9
आगरा चौपाटी - फोटो : अमर उजाला
बचने के लिए कर्मचारी ने बोला झूठ
एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि चाैपाटी में ईओडी कंपनी के मैनेजर डिफेंस काॅलोनी, सदर निवासी संतोष कुमार दुबे और सुरक्षा प्रभारी दिल्ली के गाजीपुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। वहीं कंपनी के मालिक के नाम की जानकारी ली गई। मगर कर्मचारी मालिक के बारे में नहीं बता सके। पूछताछ में आरोपी कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी दिल्ली, मेरठ और एक्सप्रेसवे पर भी झूलों का संचालन करती हैं। आगरा की चाैपाटी में जिप लाइन, जिप साइकिल, टाय ट्रेन आदि एडवेंचर स्पोर्ट्स कराती है। पूछताछ में आरोपी झूठ बोलते रहे। यही कहते रहे कि बच्चे का हाथ लगने की वजह से लाॅक खुल गया था।
विज्ञापन

7 of 9
आगरा चौपाटी - फोटो : अमर उजाला
मगर पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी सुरक्षा प्रभारी अभिषेक ही जिप लाइन पर बच्चों को सवार कराता था। उसी की जिम्मेदारी होती थी कि जिप लाइन का हुक और लाॅक चेक करे। उसने ठीक से हुक को चेक नहीं किया। आगे चलते ही वह टूट गया। चाैपाटी स्थल पर लगे सभी झूलों की जिम्मेदारी कंपनी के मैनेजर की होती है। उसकी लापरवाही से घटना हुई। पुलिस ने फिलहाल चाैपाटी को बंद करा दिया है। वहीं भविष्य में कंपनी के चाैपाटी में संचालन पर रोक लगाने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण को रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।
 

8 of 9
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुरक्षा मानकों और विभिन्न प्रमाण पत्रों का होगा सत्यापन
एडवेंचर एक्टिविटी कराने वाली फर्म ईओडी एडवेंचर पार्क के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। एडीए सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी झूलों के साथ सुरक्षा उपकरण, मानक व प्रमाण पत्रों की जांच करेगी। जांच पूरी होने तक चौपाटी पर ताला लटका रहेगा। आगरा विकास प्राधिकरण ने पर्यटन आकर्षण के रूप में 11 फरवरी, 2023 को चौपाटी का उद्घाटन किया था। दो साल में ही चौपाटी फेल हो गई।
विज्ञापन

9 of 9
आगरा चौपाटी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यहां 30 दुकानें बंद हो गईं। इसके बाद एडीए ने चौपाटी का ठेका ईओडी एडवेंचर को सौंप दिया। कंपनी ने यहां जिप लाइन, जिप साइकिल, बुल राइड, हैमर चैलेंज आदि एडवेंचर एक्टिविटी शुरू कराई। 600 रुपये प्रति व्यक्ति एडवेंचर एक्टिविटी का शुल्क रखा। रविवार को जिप लाइन का हुक टूटने से हुए हादसे में कुनाल की जान चली गई। इससे ईओडी कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने बताया कि ईओडी के सभी प्रमाणपत्रों व मानकों की जांच कराई जा रही है। कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। वहीं, चौपाटी भ्रमण करने वालों का कहना है कि ईओडी कंपनी और एडीए की लापरवाही से लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। अनफिट झूलों पर एक्टिविटी कराई जा रही हैं। कोई एक्सपर्ट गाइड नहीं रहता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें