आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंचल कुमार तिवारी की हत्या के मामले में एटा के कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें आरोपी अज्ञात हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में एटा पुलिस के साथ ही आगरा पुलिस भी जांच कर रही है। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। जिस रूट से सॉफ्टवेयर इंजीनियर एटा पहुंचे थे, उस रूट पर लगे कैमरों के फुटेज भी देखे जा रहे हैं।
सदर क्षेत्र के मोहल्ला गुरु गोविंद सिंह नगर निवासी अंचल कुमार तिवारी (32) का शव नौ दिसंबर को कोतवाली देहात क्षेत्र में हजारा नहर से बरामद किया गया था। 10 दिसंबर को पोस्टमार्टम कराया गया। उसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इससे पहले परिजन आत्महत्या करने के कयास लगा रहे थे। परिजनों के मुताबिक अंचल अपने पिता की मृत्यु के बाद से अवसाद में थे। चार दिसंबर को अपनी बहन मीनाक्षी (निवासी गुरुग्राम हरियाणा) के घर से लौटे थे, उसी दिन लापता हो गए थे।