आगरा की युवा लेखिका और जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा इशिका बंसल को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विवेकानंद यूथ अवार्ड से नवाजा गया है। इशिका को यह पुरस्कार रविवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदान किया। इशिका को उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए दिए गए इस पुरस्कार के तहत 50 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा प्रदान की गई है।