ग्रेटर नोएडा में सेक्टर अल्फा-1 गोल चक्कर के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कार दो छात्र और तीन छात्राओं को टक्कर मारकर भाग गई। हिट एंड रन की इस घटना में आगरा के शाहगंज स्थित मानस नगर निवासी एक डेयरी के मैनेजर संजीव शर्मा के 23 वर्षीय इकलौते बेटे आयुष शर्मा की मौत हो गई। सात दिन पहले ही उसकी बहन की डोली उठी थी। रविवार दोपहर को आयुष का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। अर्थी उठते ही माता-पिता और बहन का हाल बेहाल हो गया। यह देखकर हर किसी की आंख नम हो गई।
संजीव शर्मा मानस नगर के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि आयुष गलगोटिया विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहे थे। संजीव के बेटी आयुषी उर्फ सोना और बेटा आयुष था। आयुषी की शादी 23 अप्रैल को हुई थी। बहन की शादी के लिए आयुष सात दिन की छुट्टी लेकर आया था। शुक्रवार को आयुष कॉलेज के लिए चला गया।
विज्ञापन
2 of 5
छात्र के घर के बाहर जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार रात को ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन मामले में आयुष की मौत हो गई। रात में पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग पहुंच गए थे। रविवार दोपहर को शव लेकर आगरा आए। रिश्तेदार पहले ही घर आ गए थे। शव पहुचते ही करुण क्रंदन गूंजने लगा।
विज्ञापन
3 of 5
छात्र की अर्थी ले जाते लोग, रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
अर्थी से लिपट गईं मां और बहन
आयुष की मौत से मां सीमा बेसुध हो गईं। नवविवाहित बहन का हाल बेहाल हो गया। पिता रोये जा रहे थे। परिवार के लोग तीनों को किसी तरह संभाल रहे थे। अर्थी उठते ही मां और बहन उससे लिपट गईं। मां एक ही बात कह रही थी कि बेटे को कहां ले जा रहे हो। उनके जिगर के टुकड़े को कहीं दूर मत ले जाना। यह दृश्य देखकर हर कोई रो पड़ा। किसी तरह लोग अर्थी को ले जाने लगे। मगर, मां भी पीछे-पीछे दौड़ पड़ी। बाद में उन्हें किसी तरह रोका गया।
4 of 5
मृतक छात्र के घर के बाहर जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
मां ने कहा था, बेटा दो दिन और रुक जाओ
परिवार के लोगों ने बताया कि आयुष बृहस्पतिवार को बहन को ससुराल से लेकर आया था। बहन को सोमवार को वापस ससुराल जाना था। इससे पहले ही आयुष ने शुक्रवार को कॉलेज जाने की बात कही थी। इस पर मां ने उससे कहा था कि शनिवार और रविवार को रुक जाए। सोमवार को चले जाना। मगर, आयुष कॉलेज की पढ़ाई के लिए पहले से जाना चाहता था। मां रोते हुए यही कह रही थी कि बेटा दो दिन और रुक जाता।
आयुष अपने दोस्त आदित्य प्रसाद, वैष्णवी, ईशा और अंजलि यादव के साथ ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट में पिज्जा खाने गए थे। रात तकरीबन 11 बजे सभी लौट रहे थे। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने पांचों को टक्कर मार दी थी। इसके बाद कार चालक फरार हो गया था। पांचों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आयुष शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। आदित्य प्रसाद की हालत गंभीर बनी है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।