साल के आखिरी दिन सर्द हवा का सितम रहा। गुनगुनी धूप से अब तक मिल रही राहत के उलट शुक्रवार को दोपहर से ही बादलों ने डेरा जमा लिया। शूल सी चुभती उत्तर पश्चिमी सर्द हवा के कारण दिन और रात में तापमान लुढ़क गया। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फ बारी के बाद भी देहरादून, कटरा, जम्मू और सिक्किम के गंगटोक जैसे शहरों से आगरा ठंडा रहा। दो दिनों के अंदर आगरा का तापमान 7 डिग्री कम हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू और देहरादून जैसे शहरों में आगरा से ज्यादा तापमान है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई शहरों में तापमान आगरा जैसा है। ठिठुरन के कारण शाम को ही लोग अलाव तापते नजर आए।मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले तीन दिनों में बादलों की लुकाछिपी के साथ तापमान में गिरावट के आसार हैं। तीन दिनों में सुबह कोहरा और दोपहर बाद हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन और रात में पारा सामान्य से नीचे रहेगा।