आगरा में कैश कलेक्शन कंपनी ब्रिक्स इंडिया का कर्मचारी विवेक बोरे में 1.37 करोड़ रुपये लेकर फरार हुआ था। जिस बाइक की टंकी पर बोरा रखकर ले जाते उसका सीसीटीवी फुटेज मिला, पुलिस ने वह बाइक बरामद कर ली। आगरा फोर्ट स्टेशन के पास बाइक लावारिस मिली। बाइक विवेक की है। हालांकि आरोपी का पता नहीं चला है। पुलिस ने उसके परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
रकाबगंज क्षेत्र में ब्रिक्स इंडिया कंपनी का कार्यालय है। कंपनी में कैश कलेक्शन का काम होता है। सुरक्षाकर्मियों के साथ कंपनी के कर्मचारी उन कार्यालयों और कंपनियों में जाते हैं, जिनसे करार होता है। वहां से कैश लेकर बैंक में जमा करते हैं। मंगलवार को कंपनी का कर्मचारी विवेक 1.37 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था। उसका अब तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।