हादसे के बाद जांच करती हुई पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
करहल थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बस चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
घायल यात्रियों ने बताया कि बस में करीब 90 से सौ यात्री सवार थे। कुछ यात्री बस की गैलरी में बैठे हुए थे। वहीं 25 से 30 यात्री बस की छत पर यात्रा कर रहे थे। छत पर सवार यात्री बस के पलटते ही सड़क पर गिर गए और बस के नीचे दब गए।
हादसे की सूचना पर डीएम प्रदीप कुमार, एसपी अजय शंकर राय भारी पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हाईवे पर पलटी स्लीपर बस
- फोटो : अमर उजाला
यहां से तीन यात्रियों को हालत गंभीर देखते हुए सैफई रेफर किया गया। सैफई में 30 वर्षीय मोहित उर्फ नंदन पुत्र वीरपाल निवासी पानपुर, छिबरामऊ कन्नौज ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना।
इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर मृतकों के बारे में जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
जिला अस्पताल को जाते कमिश्नर और एसपी
- फोटो : अमर उजाला
हादसे की जानकारी होने पर कमिश्नर आगरा मंडल के राममोहन राव व आईजी आगरा जोन राजा श्रीवास्तव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बेहतर उपचार के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिए।
हादसे में बस चालक मुकुल कुमार निवासी गुरसहायगंज जिला कन्नौज गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का एक पैर कट गया है। उसे जिला अस्पताल से इलाज के लिए सैफई रेफर किया गया है।
जिलाधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि हादसा बेहद दुखद है। इसके कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
एसपी अजय शंकर राय ने बताया कि बस पलटने से 17 यात्रियों की मौत हुई है। बस ओवरलोड बताई गई है। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। इसके बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।