चंद्रयान, मंगलयान मिशनों के जरिए अंतरिक्ष की पहेलियों को जानने के बाद भारत अब समुद्र की गहराइयों में छिपे रहस्यों को जानने के लिए एक मिशन भेजने जा रहा है। इस मिशन का नाम समुद्रयान है। भारत का समुद्रयान मिशन केवल वैज्ञानिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि इसकी मदद से ऊर्जा, खनिज और संसाधनों की खोज भी की जा सकेगी। समुद्र में हजारों मीटर नीचे जाकर वहां की जैव विविधता, इकोलॉजी और खनिज संपदा का अध्ययन इस मिशन के अंतर्गत किया जाएगा।
समुद्रयान मिशन अगर सफल साबित होता है तो भारत का नाम उन चुनिंदा देशों की लिस्ट में आ जाएगा, जिनके पास गहरे समुद्र में इंसानों को भेजने की क्षमता है। यह मिशन निकट भविष्य में भारत को ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना सकता है।