भारत में दुनिया के केवल एक फीसदी वाहन हैं, ऐसे में आपको ये जानकर हैरानी होगी कि सड़कों पर वाहन दुर्घटनाओं के चलते होने वाली मौतों में विश्व भर में 11 प्रतिशत मौत भारत में ही होती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार देश में सालाना करीब साढ़े चार लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इनमें डेढ़ लाख लोगों की मौत हो जाती है। इसमें से कई मामले हिट एंड रन के होते हैं। ऐसे में सरकार ने दुर्घटनाओं में मारे जाने वाले लोगों के परिजनों के लिए राहत की खबर सुनाई है। दरअसल, एक अप्रैल से ‘हिट ऐंड रन’ मामले में पीड़ित की मौत होने पर उसके परिजनों को दिया जाने वाला मुआवजा आठ गुना बढ़ाया जा रहा है, जिसके बाद ये दो लाख रुपये हो जाएगा। इस बात की जानकारी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक अधिसूचना में दी गई है। इतना ही नहीं हिट ऐंड रन मोटर दुर्घटना योजना के पीड़ितों को मुआवजा देने के तहत सरकार ने एक योजना के आरंभ का भी एलान किया है।