DGCA New Rules 2026: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइंस कंपनियों के मनमाने सीट शुल्क पर लगाम लगाने के लिए
नियमों में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। नए नियमों के मुताबिक, अब प्रत्येक फ्लाइट की कम से कम 60% सीटें बिना किसी अतिरिक्त 'सीट सिलेक्शन फीस' के यात्रियों के लिए उपलब्ध करानी होंगी।
वर्तमान में एयरलाइंस केवल 20% सीटें ही मुफ्त देती थीं, जबकि पसंदीदा सीटों के नाम पर 500 से 3000 रुपये तक वसूले जाते थे। इसके अलावा, अब एक ही PNR पर बुक किए गए परिवार या समूह के सदस्यों को एक साथ या अगल-बगल की सीटें आवंटित करना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें अलग-अलग बैठने की असुविधा न हो।
ये कदम इसलिए उठाए गए हैं क्योंकि यात्री लगातार एयरलाइंस द्वारा वसूले जा रहे भारी-भरकम शुल्कों की शिकायत कर रहे थे। यात्रियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए डीजीसीए ने कुछ नए बड़े बदलाव किए हैं, जो यात्रियों के अनुभव को भी अधिक पारदर्शी और सुगम बनाएंगे।