Ayushman Bharat Yojana: सरकार की तरफ से देश के गरीबों और वंचितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है। इस योजना की शुरुआत साल 2018 में की गई थी। अब इस सरकार ने इस योजना का नाम बदलकर प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना (PMJAY) कर दिया है। सरकार की तरफ से योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दी जाती है। पात्र परिवारों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड दिया जाता है, जिसे दिखाकर सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज कराया जा सकता है।
पूरे देश में 13,000 से भी ज्यादा सरकारी और निजी अस्पतालों में आयुष्मान गोल्डन कार्ड मान्य है। आप आयुष्मान गोल्डन कार्ड ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से बनवा सकते हैं। इस कार्ड के जरिए कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों समेत करीब 1500 बीमारियों की इलाज की सुविधा दी जाती है। पुरानी और नई सभी बीमारियां इस योजना में शामिल की गई हैं।